लघु उद्योग भारती लगाएगा दिवाली मेला
दैनिक पूर्वोदय
पूर्वोदय संवाददाता
गुवाहाटी. देश के अग्रणी सामाजिक-आर्थिक संगठन, लघु उद्योग भारती पूर्वोत्तर के तत्वावधान में 4 व 5 नवंबर को दो दिवसीय दिवाली मेला 'उड़ान' जू रोड स्थित वृंदावन गार्डन में आयोजित किया जाएगा। लघु उद्योग भारती, उत्तर पूर्वी ग्राम और शिल्पी प्रकोष्ठ तथा संगठन की महिला समिति के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय मेला में स्वदेशी ग्रामीण कारीगरों को उनकी उपज मिट्टी के दीपक, आतिशबाजी के लिए एक बाजार देने का प्रयास करता है। लघु उद्योग भारती पूर्वोत्तर के प्रांतीय अध्यक्ष रवि सुरेका ने गुवाहाटी प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में कहा कि पिछले दो वर्षों से लघु उद्योग भारती पूर्वोत्तर विलेज एंड आर्टिस्ट सेल के सहयोग से इस तरह के प्रयास कर रही है।
इस वर्ष दिवाली मेले का आयोजन व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। महिला समिति की अध्यक्ष नेहा खंडेलवाल और कार्यक्रम संयोजिका रंजना भजनका ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए लघु उद्योग भारती महिला समिति के बारे में कहा कि इस मेले में दिवाली के सजावटी सामान, रंगोली सजावट के सामान, आतिशबाजी, सजावटी दीपक आदि की कुल 62 स्टॉल लगेगी जो पूर्वोत्तर के विभिन्न गांव और शहरों के लोगों द्वारा लगाई जाएगी। इस मेले में लघु उद्योग के विषय में एक कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी। ग्राम शिल्पी प्रकोष्ठ संयोजक अरुप वरपुजारी ने कहा कि इस मेले से गांव में बसने वाले छोटे-छोटे हस्त शिल्पियों को अपने उत्पाद बेचने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान होगा। लघु उद्योग भारती के प्रांतीय महामंत्री विवेक अग्रवाल ने सभी को धन्यवाद दिया।

