दिसंबर तक बदल जाएंगे मोहकमपुर क्षेत्र के जर्जर तार, बनेगा नया विद्युत उपकेंद्र
जागरण संवाददाता, मेरठ : लघु उद्योग भारती के महानगर के पदाधिकारियों के साथ ऊर्जा निगम के अधिकारियों की बैठक गुरुवार को परतापुर स्थित उद्योग पुरम में हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद ऊर्जा राज्यमंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर ने उद्यमियों की समस्याओं को सुनकर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
लघु उद्योग भारती के संभाग अध्यक्ष राजकुमार शर्मा व महानगर अध्यक्ष पंकज कुमार जैन के नेतृत्व में उद्यमियों ने ऊर्जा मंत्री को बताया कि क्षेत्र में जर्जर विद्युत लाइन टूटने के चलते आए दिन आपूर्ति बाधित हो जाती है। इससे समस्या होती है। साथ ही नए विद्युत उपकेंद्र की स्थापना समेत अन्य मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। ऊर्जा राज्य मंत्री ने कहा कि उद्यमियों के साथ नियमित बैठक समस्याओं का कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोहकमपुर क्षेत्र में जर्जर विद्युत लाइन दिसंबर तक बदल दी जाएगी, साथ ही उन्होंने उद्योग पुरम विद्युत उपकेंद्र की समस्या के निस्तारण व नए विद्युत उपकेंद्र के निर्माण के लिए अधीक्षण अभियंता राज बहादुर को लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों के साथ भूमि चिन्हित करने के लिए निर्देशित किया।

