नई दिल्ली। बवाना-नरेला औद्योगिक क्षेत्रों में CETP बिलों में लगाए गए एरियर, फ्रीहोल्ड प्रक्रिया सहित दिल्ली के उद्यमियों की उत्पादन लागत बढ़ने के विभिन्न कारणों को लेकर आज लघु उद्योग भारती, दिल्ली प्रान्त के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के उद्योग मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा जी से विस्तृत चर्चा की।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में भविष्य में कार्य करने वाली मेंटेनेंस कंपनियों की सेवा शर्तों एवं कार्यप्रणाली को लेकर भी लघु उद्योग भारती की ओर से महत्वपूर्ण सुझाव मंत्री जी के समक्ष रखे गए।
CETP चार्ज में लगाए गए एरियर के संबंध में मंत्री जी ने बताया कि वे आज ही DSIIDC के उच्च अधिकारियों से इस विषय पर चर्चा करेंगे। इस संबंध में जैसे ही कोई ठोस जानकारी प्राप्त होगी, लघु उद्योग भारती द्वारा उद्यमी साथियों को अवगत कराया जाएगा।
फ्रीहोल्ड प्रक्रिया को लेकर भी मंत्री जी की ओर से सकारात्मक आश्वासन दिया गया। उन्होंने आगामी कुछ सप्ताह में फ्रीहोल्ड प्रक्रिया आरम्भ होने की संभावना व्यक्त की।
इसके साथ ही बवाना औद्योगिक क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। बवाना में दो प्रदर्शनी हॉल, कम्यूनिटी सेंटर और अस्पताल सहित अन्य आवश्यक औद्योगिक सुविधाओं से जुड़े उपक्रमों को शीघ्र विकसित किए जाने की दिशा में निर्णय लिए जाने की जानकारी मंत्री जी ने दी।
उद्यमियों को भूजल उपयोग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नीति को शीघ्र अंतिम रूप दिए जाने तथा CETP/STP से शोधित जल को औद्योगिक उपयोग में लाने के संबंध में भी जल्द नीतिगत निर्णय लिए जाने का विश्वास मंत्री जी ने दिलाया।
लघु उद्योग भारती, दिल्ली प्रान्त ने आशा व्यक्त की कि इन विषयों पर शीघ्र सकारात्मक एवं उद्योग हितैषी निर्णय होंगे, जिससे दिल्ली के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत उद्यमियों को राहत मिलेगी और उनकी उत्पादन लागत को कम करने में सहायता प्राप्त होगी।
मुकेश अग्रवाल
उपाध्यक्ष
लघु उद्योग भारती, दिल्ली प्रान्त