उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री महाराज योगी आदित्यनाथ जी के आगरा प्रवास के दौरान लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर प्रदेश के औद्योगिक विकास, एमएसएमई क्षेत्र के विस्तार तथा उद्यमियों के लिए अधिक अनुकूल औद्योगिक वातावरण के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल में लघु उद्योग भारती के आदरणीय संयुक्त महासचिव श्री राकेश गर्ग जी, प्रदेश सचिव श्री मनीष अग्रवाल, आगरा जिला अध्यक्ष श्री विजय गुप्ता सहित अनेक उद्यमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय एमएसएमई मंत्री श्री भूपेंद्र चौधरी जी तथा आगरा के माननीय सांसद प्रो. एस.पी. सिंह बघेल जी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी महत्वपूर्ण बना दिया।
बैठक के दौरान प्रदेश में उद्योगों के विकास, नए निवेश को प्रोत्साहन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने तथा रोजगार सृजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ। लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों ने संगठन द्वारा एमएसएमई क्षेत्र के हित में किए जा रहे कार्यों, उद्यमियों को सशक्त बनाने के प्रयासों तथा उद्योग जगत की अपेक्षाओं से भी मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया।
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने लघु उद्योग भारती द्वारा उद्योगों के विकास, उद्यमिता को प्रोत्साहन, स्वरोजगार के विस्तार तथा एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार और उद्योग संगठनों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग से उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी औद्योगिक राज्य बनने की दिशा में और अधिक तेजी से आगे बढ़ेगा तथा प्रदेश के उद्यमियों को विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे।