लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता से की शिष्टाचार भेंट
कालाअंब (हिमाचल प्रदेश): लघु उद्योग भारती, कालाअंब इकाई के अध्यक्ष श्री अखिल माहेश्वरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश के माननीय राज्यपाल Kavinder Gupta से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल एवं जनकल्याणकारी कार्यकाल की मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं।
भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र के विकास, उद्योगों से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों तथा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से राज्यपाल महोदय को अवगत कराया। साथ ही उन्हें कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र का दौरा कर वहाँ की वास्तविक परिस्थितियों का प्रत्यक्ष अवलोकन करने के लिए सादर आमंत्रित किया गया।
माननीय राज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि वे शीघ्र ही समय निकालकर कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण करेंगे तथा उद्योगों से संबंधित विषयों के समाधान एवं क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल महोदय के सरल, सौम्य, आत्मीय एवं व्यवहारिक व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि उनकी विनम्रता, सहजता तथा सभी विषयों को गंभीरता से सुनने की कार्यशैली ने सभी पर गहरा एवं सकारात्मक प्रभाव छोड़ा। यह आत्मीय एवं सार्थक भेंट उद्योग जगत और शासन के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।