प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत जोधपुर में लाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित
जोधपुर, 19 जून 2026। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के अंतर्गत लाभ वितरण कार्यक्रम का आयोजन काजरी ऑडिटोरियम, जोधपुर में किया गया। यह कार्यक्रम नई दिल्ली के विज्ञान भवन से आयोजित राष्ट्रीय समारोह से वर्चुअली जुड़ा था, जहां माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 15 लाख से अधिक लाभार्थियों को लगभग ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि वितरित की।
संभाग स्तरीय इस कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यसभा सांसद श्री राजेंद्र गहलोत, जोधपुर शहर विधायक श्री अतुल भंसाली, तथा लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर श्री घनश्याम ओझा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), जोधपुर के रीजनल भविष्य निधि आयुक्त-I एवं प्रभारी, जोधपुर संभाग डॉ. अजीत सिंह चौधरी तथा भविष्य निधि आयुक्त-II श्री सुरेंद्र कुमार मीणा ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना को रोजगार सृजन, औपचारिक रोजगार को बढ़ावा देने और कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने की दिशा में केंद्र सरकार की एक दूरदर्शी एवं प्रभावी पहल बताया।
इस अवसर पर श्री घनश्याम ओझा ने लघु उद्योग भारती की विभिन्न गतिविधियों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र के विकास तथा रोजगार सृजन में उद्योगों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि MSME क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और विकसित भारत के निर्माण में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उद्योग जगत से रोजगार सृजन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के व्यापक क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के नियोक्ताओं, कर्मचारियों, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित वक्ताओं ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना को रोजगार वृद्धि, श्रमिक कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय आयुक्त-II, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, जोधपुर श्री संदीप कुमार ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।