लघु उद्योग भारती दिलीप नगर इकाई के सतत प्रयासों से 33/11 केवी अर्जुन नगर उपकेन्द्र से दिलीप नगर औद्योगिक क्षेत्र के लिए नवनिर्मित 11 केवी फीडर को विधिवत चार्ज कर दिया गया। नए फीडर के शुरू होने से क्षेत्र के 100 से अधिक लघु एवं मध्यम उद्योगों तथा रहवासियों को लो-वोल्टेज और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
अब तक एक ही फीडर पर करीब 30 ट्रांसफॉर्मरों का लोड था। नए फीडर के चालू होने के बाद यह भार विभाजित होकर प्रति फीडर लगभग 15 ट्रांसफॉर्मर रह जाएगा। इसके लिए करीब तीन किलोमीटर नई विद्युत लाइन भी बिछाई गई है, जिससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बेहतर होगी। उद्योगपतियों ने कहा कि निर्बाध बिजली आपूर्ति से उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसरों को भी गति मिलेगी।
फीडर चार्जिंग के अवसर पर अधीक्षण यंत्री श्री मनोज शर्मा, कार्यपालन यंत्री श्री ओ.पी. सेन एवं सहायक अभियंता श्री वीर बहादुर मरकाम उपस्थित रहे। लघु उद्योग भारती मालवा प्रांत के सह मीडिया प्रभारी एवं दिलीप नगर संयोजक उद्योगपति श्री संदीप सकलेचा, सहसंयोजक श्री ललित चोपड़ा, श्री अशोक पोरवाल, श्रेयान्स जैन, प्रीतेश चोपड़ा, चयन लुणावत, सुजल पारख, आरिफ हुसैन, प्रदीप पोखरना सहित क्षेत्र के अनेक उद्योगपति एवं उद्यमी उपस्थित रहे। सभी ने विद्युत विभाग और लघु उद्योग भारती के प्रयास की सराहना की।
इस अवसर पर अधीक्षण यंत्री श्री मनोज शर्मा ने अर्जुन नगर ग्रिड पर एक चौकी स्थापित करने की घोषणा भी की, जहां विद्युत विभाग का स्टाफ उपलब्ध रहेगा। इससे क्षेत्र की विद्युत संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान में मदद मिलेगी।
लघु उद्योग भारती की सतत पहल का परिणाम
दिलीप नगर औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लघु उद्योग भारती द्वारा लंबे समय से नए फीडर की मांग उठाई जा रही थी। संगठन के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप यह मांग पूरी हुई है। नए फीडर से औद्योगिक क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के रहवासियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
चौपाल सागर क्षेत्र की समस्याएं भी रखीं
कार्यक्रम के दौरान उद्योगपतियों ने चौपाल सागर ग्रामीण क्षेत्र में स्थित उद्योगों की बिजली संबंधी समस्याओं से भी अधीक्षण यंत्री श्री मनोज शर्मा को अवगत कराया। उन्होंने समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने का आश्वासन दिया। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने उद्योग क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
नए 11 केवी फीडर के चार्ज होने को दिलीप नगर औद्योगिक क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति अधिक स्थिर होने के साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।