जोधपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्राचीन काल से ही लघु उद्योग भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन से लघु उद्यमी आत्मनिर्भर बन रहे हैं। राज्य सरकार भी लघु उद्योगों के विकास के लिए प्रतिबद्धता से हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न माध्यमों से नवीन क्षेत्रों को चिह्नित किया जाकर विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लघु एवं कुटीर उद्योगों को आगे लाने की दिशा में लघु उद्योग भारती के प्रयास सराहनीय हैं।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को जोधपुर में पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव-2024 का उद्घाटन किया। उन्होंने उत्सव में लगी लघु उद्योगों की स्टॉल का अवलोकन कर उद्यमियों को प्रोत्साहित किया। शर्मा ने उद्यमियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में राजस्थान को नई गति प्रदान करने के लिए सरकार भरसक प्रयास कर रही है। इस क्षेत्र में निरंतर कार्य करते हुए हम ऊर्जा क्षेत्र में राज्य को आत्मनिर्भर बनाएंगे।

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से हस्तशिल्प जैसी कलाओं एवं लघु उद्योगों से जुड़े उद्यमियों के विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इससे हस्तशिल्पियों को आर्थिक संबल मिलने के साथ-साथ उनकी प्रगति के अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती के उत्सव से हस्तशिल्पियों को अपनी कला के प्रदर्शन एवं उत्पादों की बिक्री के लिए एक उपयुक्त मंच मिला है। उन्होंने कहा कि लघु उद्योगों को प्रोत्साहन देने की दिशा में यह एक सराहनीय प्रयास है। इससे हस्तशिल्प जैसे लघु उद्योगों की एक सकारात्मक छवि का निर्माण होगा।

शर्मा ने कहा कि सरकार बनने के साथ ही एक माह में आमजन को कई सौगातें दी हैं। इसमें प्रधानमंत्री उज्वला योजना के तहत 450 रुपए में गैस सिलेंडर की उपलब्धता की जा रही है। पेपरलीक की जांच के लिए एसआईटी एवं अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई हेतु टास्क फोर्स का गठन किया गया। अपराधी मामलों में सीबीआई को जांच के लिए सामान्य सहमति जैसे निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करने हेतु प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, संसदीय कार्य, विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल, सांसद पी.पी. चौधरी, सांसद राजेन्द्र गहलोत, विधायक बाबूसिंह राठौड़, देवेन्द्र जोशी, अतुल भंसाली, पूर्व सांसद नारायण पंचारिया, जसवंत सिंह बिश्नोई, लघु उद्योग भारती के राष्टीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा, लघु उद्योग भारती के प्रदेशाध्यक्ष शांतिलाल बालड़ सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।