देहरादून में आयोजित एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती एवं भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के साथ उद्यमियों से पहली बार कैबिनेट मंत्री के रूप में संवाद करते हुए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भरत सिंह चौधरी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
मंत्री चौधरी ने बताया कि उद्यमियों को मिलने वाली सब्सिडी, अनुदान एवं अन्य सुविधाओं से जुड़ी जटिल सरकारी प्रक्रियाओं को सरल बनाया जाएगा, ताकि उद्योगों को बिना बाधा के आगे बढ़ाया जा सके। इसके साथ ही उद्योगों के लिए भू-उपयोग परिवर्तन (Land Use Conversion) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा।
कार्यक्रम में उन्होंने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि वे अपनी समस्याएं सीधे उनके समक्ष रख सकते हैं। सरकार स्वयं भी उद्यमियों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान करने का प्रयास करेगी। साथ ही, प्रदेश में पलायन रोकने और अधिक से अधिक उद्योग स्थापित करने के उद्देश्य से उद्यमियों एवं अधिकारियों की एक संयुक्त समिति गठित की जाएगी, जो समन्वय के साथ कार्य करेगी।
इस अवसर पर राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति ने भी उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर जोर दिया। कार्यक्रम में भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ एवं लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने उद्योग जगत की प्रमुख समस्याओं को मंत्री के समक्ष विस्तार से रखा।
कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक संगठनों एवं एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिन्होंने उद्योगों के विकास, नीतिगत सुधार और व्यवसायिक सुगमता को लेकर अपने सुझाव साझा किए। यह संवाद कार्यक्रम उद्योग और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल साबित हुआ।