लघु उद्योग भारती, बालोतरा द्वारा संचालित कौशल विकास केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त दो बैचों के कुल 20 विद्यार्थियों को 22 अगस्त 2026 को लघु उद्योग भारती भवन, बालोतरा में आयोजित प्रमाण पत्र वितरण समारोह में प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री कुलदीप जी दाधीच, RM, RIICO, बालोतरा रहे।
लघु उद्योग भारती राजस्थान सरकार के कौशल विकास एवं रोजगार संवर्धन कार्यक्रम में सक्रिय सहभागी के रूप में युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न कौशल विकास केंद्रों का संचालन कर रही है। इसी क्रम में बालोतरा केंद्र के दो बैचों के 20 विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण किया।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती बालोतरा के अध्यक्ष श्री महेंद्र जी श्रीश्रीमाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए केंद्र की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र जी गोलेछा एवं श्री सिद्धार्थ माहेश्वरी ने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनके प्रशिक्षण एवं रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की तथा प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जोड़ने के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्य अतिथि श्री कुलदीप जी दाधीच ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं को निरंतर अपने कौशल का विकास करने तथा उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कौशल विकास केंद्र के संचालन में लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष श्री शांतिलाल जी बालड़ एवं उपाध्यक्ष श्री नरेंद्र जी गोलेछा द्वारा प्रदान किए गए वित्तीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष श्री नखतमल जी चण्डक, वरिष्ठ सदस्य श्री चतुर्भुज गुप्ता, श्री शिवकुमार जी राठी, श्री करनानी जी एवं श्री संजय जी छाजेड़, प्रांतीय कार्यकारी सदस्य श्री विनोद जी सिंघवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सह सचिव श्री विजय जिंदल ने मुख्य अतिथि, अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
लघु उद्योग भारती की यह पहल युवाओं को कौशल विकास से रोजगार और रोजगार से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।