अंबाला, 25 अगस्त। लघु उद्योग भारती, अंबाला के सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला उपाध्यक्ष श्री सुभाष धीमान के नेतृत्व में एवं श्री अजय गुप्ता जी के सौजन्य से अंबाला के जिलाधीश श्री सचिन गुप्ता, IAS से उनके कार्यालय में मिला।
इस अवसर पर जिलाधीश महोदय की अंबाला में नियुक्ति पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अनौपचारिक भेंटवार्ता के दौरान जिलाधीश महोदय ने सभी सदस्यों का परिचय लेते हुए आत्मीयता से संवाद किया और उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
बातचीत के दौरान प्रताप ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक श्री सतीश बंसल जी के साथ निर्यात से संबंधित विषयों पर विशेष चर्चा हुई। वहीं, प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों श्री कपिल वर्मा, श्री प्रवीण जैन, श्री मेजर सिंह, श्री सम्यक जैन, श्री अरविंद सीकरी एवं कर्नल त्रेहन से भी उद्योगों के समक्ष आ रही समस्याओं तथा उनके समाधान एवं सुधार के संबंध में चर्चा की गई। जिलाधीश महोदय ने सभी उद्यमियों से उद्योगों से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों को लिखित रूप में भी उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
लगभग 30 से 40 मिनट चली इस बैठक में उद्योगों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर व्यक्तिगत रूप से चर्चा हुई। जिलाधीश श्री सचिन गुप्ता ने उद्यमियों की समस्याओं के प्रति पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अंबाला में निर्यात को बढ़ावा देने से संबंधित अपनी आगामी योजनाओं की भी जानकारी साझा की।
उन्होंने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि उनके कार्यकाल के दौरान उद्योग जगत से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ देखा जाएगा तथा उद्यमियों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
लघु उद्योग भारती, अंबाला ने जिलाधीश श्री सचिन गुप्ता जी के आत्मीय एवं स्नेहपूर्ण व्यवहार तथा उद्योगों के प्रति उनके सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए आभार व्यक्त किया।