देवरिया में उद्योग विकास को लेकर जिलाधिकारी से लघु उद्योग भारती की सकारात्मक चर्चा
लघु उद्योग भारती, देवरिया इकाई के पदाधिकारियों ने जनपद देवरिया के जिलाधिकारी श्री मधुसूदन हुलगी जी से शिष्टाचार भेंट कर विभिन्न औद्योगिक एवं उद्यमिता संबंधी विषयों पर सार्थक चर्चा की। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री दिनेश कुमार शुक्ला, जिला महामंत्री श्री राजकुमार मद्धेशिया, संगठन मंत्री श्री मुन्ना सिंह एवं श्री अरुण बरनवाल उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी महोदय को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
बैठक के दौरान जनपद में लघु एवं कुटीर उद्योगों के विस्तार, स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं के समाधान तथा स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत संवाद हुआ। पदाधिकारियों ने उद्योगों से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखते हुए उद्योग-अनुकूल वातावरण की आवश्यकता पर बल दिया।
जिलाधिकारी श्री मधुसूदन हुलगी जी ने उद्यमियों के हितों के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि देवरिया में औद्योगिक विकास एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा देने हेतु हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योगों की प्रगति से जनपद की आर्थिक मजबूती के साथ युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।
लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि जिलाधिकारी महोदय के कुशल नेतृत्व एवं प्रशासनिक सहयोग से देवरिया जनपद में उद्योग एवं व्यापार के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी तथा स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन एवं बेहतर कार्य वातावरण प्राप्त होगा।