भिवाड़ी में लघु उद्योग भारती स्थापना दिवस एवं उद्यमी सम्मेलन: भिवाड़ी के औद्योगिक भविष्य पर गंभीर मंथन

April 30, 2026
Alwar,
RAJASTHAN

लघु उद्योग भारती भिवाड़ी द्वारा आयोजित स्थापना दिवस समारोह एवं भव्य उद्यमी सम्मेलन क्षेत्र के औद्योगिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण और प्रभावशाली आयोजन के रूप में सामने आया। होटल रीजेंसी, भिवाड़ी में आयोजित इस कार्यक्रम ने भिवाड़ी, खुशखेड़ा, चोपानकी, तपूकड़ा सहित आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के उद्यमियों, औद्योगिक संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं विभागीय प्रतिनिधियों को एक साझा मंच प्रदान किया। इस मंच पर उद्योगों की वर्तमान चुनौतियों, संभावनाओं और भविष्य की रणनीतियों पर गंभीर एवं सार्थक चर्चा हुई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। मंच संचालन डॉ. नितिन रस्तोगी ने प्रभावशाली ढंग से किया, वहीं सह-प्रस्तोता के रूप में कवयित्री एवं गायिका श्रीमती अर्चना नाकरा ने गरिमामयी सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त CGST श्री जगमोहन मीणा तथा विशिष्ट अतिथि मेहरू इलेक्ट्रिकल्स के एमडी श्री संदीप शर्मा रहे। दोनों अतिथियों ने MSME क्षेत्र को देश की आर्थिक रीढ़ बताते हुए उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में श्री रामप्रकाश जी ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके पश्चात लघु उद्योग भारती के प्रान्त उपाध्यक्ष श्री राजेश गुप्ता (अलवर) ने संगठन की विचारधारा, औद्योगिक एकता और उद्यमी हितों पर अपने विचार रखे।

“लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों की स्थिति, चुनौतियाँ एवं संभावनाएँ” विषय पर वरिष्ठ उद्योग प्रतिनिधि श्री संजय खन्ना ने विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि MSME क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था का मजबूत स्तंभ है, जिसे नीति, वित्त और आधारभूत संरचना के स्तर पर विशेष सहयोग की आवश्यकता है।

सम्मेलन में उप श्रम आयुक्त श्रीमती प्रज्ञा शर्मा ने श्रम विभाग की योजनाओं एवं श्रमिक कल्याण से जुड़े विषयों पर सरल और प्रभावशाली मार्गदर्शन दिया, जिसकी उपस्थितजनों ने विशेष सराहना की।

उद्यमियों ने भिवाड़ी क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए RIICO के समक्ष सड़कों के सुधार, कवर ड्रेनेज सिस्टम, धूल नियंत्रण, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रांसपोर्ट नगर, श्रमिक आवास एवं लॉजिस्टिक हब जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास की प्रमुख मांग रखी।

इसके साथ ही राजस्थान में अन्य राज्यों की तुलना में अधिक विद्युत दरों, न्यूनतम चार्ज, फिक्स चार्ज एवं डिमांड चार्ज जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया तथा सस्ती सौर ऊर्जा का लाभ स्थानीय उद्योगों को प्राथमिकता से देने की मांग की गई।

राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल से व्यावहारिक पर्यावरणीय मानदंड, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण, CETP सुदृढ़ीकरण एवं त्वरित स्वीकृति प्रणाली लागू करने की अपेक्षा व्यक्त की गई।

सम्मेलन का मुख्य संदेश स्पष्ट रहा कि उद्योग जगत केवल रियायतें नहीं, बल्कि मजबूत आधारभूत संरचना, नीति स्थिरता, पारदर्शी प्रशासन और दीर्घकालिक औद्योगिक विकास चाहता है।

कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ उद्योगपति एवं बड़ी संख्या में उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी रही। अंत में सचिव सीए आर.के. गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

समापन के साथ यह सामूहिक संकल्प लिया गया कि भिवाड़ी को राजस्थान एवं NCR के अग्रणी औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने हेतु सभी संगठन एकजुट होकर निरंतर संवाद, प्रयास एवं नीति सुधार के लिए कार्य करेंगे।

 

Latest Ekai Acitivity

SUBSCRIBE NEWSLETTER

Stay Updated with
Latest News

Join 50,000+ subscribers. No spam, unsubscribe anytime.
Subscribe to our newsletter and never miss breaking stories, trending topics, and exclusive insights.

Email Address


LUB is India's largest MSME welfare organisation with a grassroot level presence and engagement from all members from Kashmir to Andaman and Nicobar Islands and from Assam to Gujarat. Join us to explore the most expansive industry network in India.
© 2026
Laghu Udyog Bharati. All rights reserved.

Website by Creativity Please