उद्योग संवर्धन एवं निर्यात बोर्ड की बैठक के पश्चात भोपाल कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने लघु उद्योग भारती कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों के साथ भोपाल के औद्योगिक विकास, निवेश संभावनाओं एवं आगामी 10 वर्षों की इंडस्ट्रियल विजन रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि भोपाल को भारत के एक महत्वपूर्ण इंडस्ट्रियल हब के रूप में विकसित करने की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। इसके लिए उद्योगों के अनुकूल इको सिस्टम तैयार करने, निवेश को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन एवं MSME सेक्टर को सशक्त बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
लघु उद्योग भारती द्वारा प्रस्तुत दीर्घकालिक योजना एवं औद्योगिक विकास संबंधी सुझावों की सराहना करते हुए कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने भविष्य में संगठन के साथ मिलकर विभिन्न औद्योगिक एवं उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की।
यह संवाद भोपाल के औद्योगिक भविष्य को नई दिशा देने तथा स्थानीय उद्यमियों के लिए बेहतर अवसर तैयार करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।