लघु उद्योग भारती (LUB) की जटावाली विंग की बैठक का आयोजन ट्रांसइंडिया नॉनवोवेन्स प्राइवेट लिमिटेड के कारखाना परिसर में संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता विंग अध्यक्ष श्री देश रत्न सैनी ने की तथा संचालन एवं संयोजन सचिव श्री स्वास्तिक सुराना द्वारा किया गया। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र के समग्र विकास, श्रमिक कल्याण तथा संगठन के विस्तार से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने, श्रमिकों के कल्याण एवं पुलिस विभाग के सहयोग से उनके पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने, अग्निशमन सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाने के लिए चौमू स्थित अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करने तथा राजस्थान सरकार से जटावाली औद्योगिक क्षेत्र के निकट स्थायी अग्निशमन केंद्र (फायर ब्रिगेड कार्यालय) स्थापित करने की मांग करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, औद्योगिक क्षेत्र के भीतर सड़कों के सुदृढ़ीकरण एवं आधारभूत ढांचे के विकास पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार के अंतर्गत तीन नए उद्यमियों का लघु उद्योग भारती परिवार में स्वागत किया गया। अध्यक्ष श्री देश रत्न सैनी ने मैरीनो इलेक्ट्रिक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के श्री मनीष अग्रवाल, बीके मेटल प्राइवेट लिमिटेड के श्री बब्लू शर्मा तथा केके एंटरप्राइजेज के श्री के.के. बेनाडा का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की सदस्यता ग्रहण कराई।
समापन अवसर पर सचिव श्री स्वास्तिक सुराना ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए उनसे औद्योगिक क्षेत्र, जयपुर शहर, राजस्थान तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती उद्योगों की समस्याओं के समाधान, उद्यमियों के हितों की रक्षा तथा औद्योगिक विकास के लिए निरंतर कार्यरत है और सभी सदस्यों के सहयोग से संगठन अपने उद्देश्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा।