लघु उद्योग भारती, बरेली इकाई की समीक्षा बैठक संपन्न
बरेली, 19 अगस्त 2026। लघु उद्योग भारती, बरेली इकाई की समीक्षा बैठक राष्ट्रीय सचिव श्री दीपक अग्रवाल जी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में संभाग अध्यक्ष श्री राकेश अग्रवाल जी, पूर्व संभाग अध्यक्ष श्री एस. के. सिंह जी, मंडल अध्यक्ष श्री संभवशील जी, मंडल सचिव श्री मोहन मित्तल जी, शाहजहांपुर इकाई के अध्यक्ष श्री नवनीत जी सहित बरेली इकाई की कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में राष्ट्रीय सचिव श्री दीपक अग्रवाल जी ने संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों की संरचना, उनकी भूमिका एवं महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने बरेली जिला इकाई को शीघ्र ही विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन करने के निर्देश दिए, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।
उन्होंने सदस्यता विस्तार पर विशेष जोर देते हुए नए उद्यमियों को संगठन से जोड़ने तथा उद्यमी विकास कार्यक्रम (EDP) प्रारंभ करने की प्रक्रिया एवं उसके महत्व की जानकारी दी। साथ ही संगठन की गतिविधियों को निरंतर गति देने के लिए नियमित रूप से मासिक बैठक आयोजित करने का आह्वान किया।
सदस्यता अभियान के अंतर्गत बरेली इकाई द्वारा 11 नए सदस्यों के सदस्यता चेक राष्ट्रीय सचिव श्री दीपक अग्रवाल जी को समर्पित किए गए। उन्होंने बरेली इकाई द्वारा किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों, सदस्यता विस्तार एवं सक्रिय गतिविधियों की सराहना करते हुए पूरी टीम को इसी उत्साह, समर्पण एवं सक्रियता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने लघु उद्योग भारती को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं व्यापक संगठन बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।