लघु उद्योग भारती की महिला इकाई, धामनोद द्वारा संगठन के 33वें स्थापना दिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायक एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर महिला इकाई की सदस्यों ने आशा निकेतन वृद्धाश्रम में पहुंचकर वहां निवासरत बुजुर्गों के साथ आत्मीय समय बिताया। पावन नर्मदा नदी के तट पर स्थित इस स्थान पर आयोजित कार्यक्रम ने स्थापना दिवस को केवल एक औपचारिक उत्सव न बनाकर सेवा, सम्मान और मानवीय संवेदनाओं से जोड़ दिया।
महिला इकाई की सदस्यों ने बुजुर्गों का सम्मान किया, उनसे संवाद किया तथा स्नेह और अपनत्व के साथ यादगार पल साझा किए। इस सराहनीय पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति केवल व्यावसायिक उपलब्धियों में नहीं, बल्कि समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी और सेवा भावना में भी निहित होती है। यह आयोजन सामाजिक समरसता, संस्कार और मानवीय मूल्यों का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।