लघु उद्योग भारती, पालरा एवं अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में आज जिला उद्योग केंद्र (DIC), अजमेर में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा नियुक्त प्रतिनिधि की उपस्थिति में उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न विषयों एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान उद्योगपतियों ने व्यापार संचालन के दौरान सरकारी विभागों के स्तर पर आने वाली विभिन्न परेशानियों, प्रक्रियागत कठिनाइयों तथा उनके समाधान से संबंधित सुझाव साझा किए। उद्योगपतियों द्वारा उठाए गए सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं को प्रतिनिधि द्वारा नोट किया गया तथा उन्हें आगे सरकार के समक्ष प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया गया।
बैठक में राजनिवेशक पोर्टल के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए इस पोर्टल के माध्यम से उद्योगपति विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं विभागीय कार्यों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यदि किसी कार्य के निष्पादन में समस्या आती है या निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य नहीं होता है, तो पोर्टल के माध्यम से शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है।
बैठक में DIC जनरल मैनेजर श्री धर्मेंद्र शर्मा सहित लघु उद्योग भारती से श्री राजेश बंसल, श्री अशोक मोतियानी, श्री महेंद्र रावत एवं श्री अशोक तोषनीवाल उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य उद्योगपतियों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना तथा सरकारी प्रक्रियाओं को अधिक सरल, पारदर्शी एवं उद्योग-अनुकूल बनाने की दिशा में प्रभावी सुझाव प्रस्तुत करना रहा।