सागर कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में उद्योग संवर्धन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता नव नियुक्त कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने की। बैठक के दौरान उन्होंने स्थानीय उद्योगों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
बैठक में सागर जिले में हवाई सुविधा एवं रेलवे कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही सागर में प्रस्तावित फर्नीचर क्लस्टर एवं नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास संबंधी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। उद्योगों के लिए पानी की उपलब्धता को लेकर भी चर्चा हुई तथा बताया गया कि उपचारित पानी शीघ्र ही सागर औद्योगिक क्षेत्र को उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर महोदया ने जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिए कि आगामी 15 दिनों के भीतर एक विशेष कार्यशाला आयोजित की जाए, जिसमें उद्योगों से संबंधित सभी विभाग अपने-अपने नियमों एवं प्रक्रियाओं का प्रस्तुतीकरण देंगे। इसका उद्देश्य उद्यमियों को आवश्यक दस्तावेजों की सही जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें अनावश्यक परेशानियों एवं ब्लैकमेलिंग जैसी समस्याओं से बचाना है।
बैठक के दौरान लघु उद्योग भारती द्वारा कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल का स्वागत किया गया तथा भारतीय वर्ष पर आधारित विशेष कैलेंडर भेंट किया गया। अंत में लघु उद्योग भारती की ओर से अध्यक्ष श्री अरविंद भाई जी ने कलेक्टर महोदया का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में लघु उद्योग भारती के पूर्व अध्यक्ष श्री जायसवाल जी, श्री चावला जी, श्री प्रदीप सोनी जी, श्री दिनेश भाई पटेल, श्री लोटवानी, श्री पंकज रिछारिया सहित लगभग 20 सदस्यों ने सहभागिता की।