लघु उद्योग भारती, छिंदवाड़ा इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, छिंदवाड़ा के अधीक्षण यंत्री श्री सुनील सिन्हा को शहर के औद्योगिक क्षेत्रों में लंबे समय से व्याप्त विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में इमलीखेड़ा, खजरी, शुक्लुधना एवं लहंगडुआ औद्योगिक क्षेत्रों में बार-बार विद्युत ट्रिपिंग, सेपरेशन लाइन की जर्जर विद्युत तारों के प्रतिस्थापन तथा बिना पूर्व सूचना के विद्युत आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इन समस्याओं के कारण उद्योगों का उत्पादन लगातार प्रभावित हो रहा है, जिससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर बल दिया।
विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती छिंदवाड़ा इकाई के अध्यक्ष श्री सौरभ राय, सचिव श्री सुधीर शर्मा तथा सदस्य श्री मुकेश नथानी, श्री वामन राव चौबीतकर, श्री गिरधर भंडारी, श्री राहुल भसीन, श्री मनीष विश्वकर्मा, श्री अनिल रघुवंशी एवं श्री संकेत अग्रवाल उपस्थित रहे।