बीकानेर। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से लघु उद्योग भारती द्वारा करणी औद्योगिक क्षेत्र स्थित लघु उद्योग भारती वाटिका में संचालित सघन वन अभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान को समाज का व्यापक सहयोग मिला, जिसके तहत अब तक लगभग 500 पौधों का रोपण एवं सहयोग सुनिश्चित हुआ।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारीगण, शिक्षाविदों, उद्योगपतियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए लगभग 200 पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग, लघु उद्योग भारती के प्रांत अध्यक्ष श्री बाल किशन परिहार सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रीति क्लब ने सघन वन अभियान के लिए 290 पौधे भेंट कर अभियान को महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। लघु उद्योग भारती परिवार ने प्रीति क्लब के इस सराहनीय योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता से यह अभियान और अधिक प्रभावी एवं सफल बनेगा।
इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों ने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया तथा करणी औद्योगिक क्षेत्र में 1,000 पौधों के सघन वन के निर्माण के लक्ष्य को सफल बनाने का आह्वान किया।
लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि प्रत्येक पौधे का संरक्षण कर उसे विकसित करना है, ताकि करणी औद्योगिक क्षेत्र में एक समृद्ध सघन वन विकसित हो सके। उन्होंने उद्योग जगत, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से इस हरित अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की।