महिलाओं को सशक्त बनाने आयोजित होगा ‘स्वयंसिद्दा-अहिल्या उद्यम एक्सपो-1.0

August 31, 2026
Udaipur,
RAJASTHAN

उदयपुर। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लघु उद्योग भारती, उदयपुर की अहिल्याबाई होलकर इकाई की ओर से ‘स्वयंसिद्दा-अहिल्या उद्यम एक्सपो-1.0’ का आयोजन 25 से 27 सितंबर तक शुभ केसर गार्डन में किया जाएगा। एक्सपो की विशेषता यह होगी कि इसमें लगाए जाने वाले सभी स्टॉल महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। आयोजन को लेकर लघु उद्योग भारती की विभिन्न इकाइयों द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

स्वयंसिद्दा चित्तौड़ प्रांत की प्रभारी डॉ. श्रीमती रीना राठौड़ ने बताया कि प्रदेश में लघु उद्योग भारती के जयपुर, जोधपुर एवं चित्तौड़ प्रांत के अंतर्गत वर्तमान में 26 महिला इकाइयां कार्यरत हैं। इन इकाइयों द्वारा महिला उद्यमियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष एक से दो ‘स्वयंसिद्दा’ प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाता है। उदयपुर में यह स्वयंसिद्दा का पांचवां आयोजन है। इस बार इसे पहले की तुलना में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, इसलिए इसका नाम ‘स्वयंसिद्दा-अहिल्या उद्यम एक्सपो-1.0’ रखा गया है।

उन्होंने बताया कि एक्सपो में 105 स्टॉल लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे आवश्यकता के अनुसार बढ़ाया भी जा सकता है। महिला उद्यमियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्टॉल की दरें काफी रियायती रखी गई हैं, ताकि मध्यमवर्गीय एवं छोटे स्तर पर व्यवसाय करने वाली महिलाएं भी इसमें भाग ले सकें। इसके अलावा कुछ स्टॉल निशुल्क रखे जाएंगे, जिन पर जनजातीय क्षेत्र की वे महिलाएं अपने उत्पाद प्रदर्शित कर सकेंगी, जो पहली बार अपने उत्पादों को व्यापक समाज एवं बाजार तक पहुंचाना चाहती हैं।

डॉ. राठौड़ ने बताया कि एक ही श्रेणी के उत्पादों के अधिकतम 10 स्टॉल रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विभिन्न प्रकार के उत्पादों एवं महिला उद्यमियों को एक्सपो में स्थान मिल सके। उन्होंने कहा कि ‘स्वयंसिद्दा’ के माध्यम से अब तक हजारों महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री का अवसर मिला है। कई महिलाओं के उत्पाद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक भी पहुंचे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है।

अहिल्याबाई होलकर इकाई की अध्यक्ष डॉ. ऋषिका पानेरी ने बताया कि एक्सपो में हस्तशिल्प, हथकरघा एवं पारंपरिक वस्त्र, आधुनिक तकनीक, स्टार्टअप एवं नवाचार, महिला उद्यमियों के उत्पाद, लाइव प्रदर्शन तथा नेटवर्किंग सहित विभिन्न श्रेणियों के स्टॉल लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उदयपुर में आयोजित होने वाला यह एक्सपो महिला उद्यमिता के क्षेत्र में एक माइलस्टोन साबित होगा।

‘नारी शक्ति से आत्मनिर्भर भारत की ओर’ थीम पर आधारित इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों, हस्तशिल्पियों, स्टार्टअप्स और स्वयंसिद्दा से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों को व्यापक मंच प्रदान करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अवसर उपलब्ध कराना है।

डॉ. पानेरी ने कहा कि ‘स्वयंसिद्दा’ महिला उद्यमियों को बाजार और ग्राहकों से जोड़ने की लघु उद्योग भारती की सामाजिक एवं आर्थिक पहल है। समाज में अनेक महिलाओं के पास हुनर और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद हैं, लेकिन सीधे ग्राहकों और बाजार तक पहुंच का अभाव रहता है। स्वयंसिद्दा इस दूरी को पाटने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि एक्सपो के माध्यम से महिलाओं के उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग एवं बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप उनमें सुधार की दिशा में भी काम किया जाएगा। घर से काम करने वाली महिलाओं, एमएसएमई इकाइयों से जुड़ी उद्यमियों तथा नवाचार के क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं के लिए यह एक्सपो एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म साबित होगा।

लघु उद्योग भारती की रानी लक्ष्मीबाई इकाई की अध्यक्ष श्रीमती सीमा पारीक ने बताया कि स्वयंसिद्दा का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना और उन्हें परिवार एवं समाज की प्रगति में सक्रिय भागीदार बनाना है। एक्सपो में स्टॉल की दरों का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि छोटे स्तर पर कार्य करने वाली महिला उद्यमियों को भी अपनी प्रतिभा और उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। साथ ही, प्रदर्शनी में उत्पादों की कीमतें भी वाजिब रखने का प्रयास किया जाता है, जिससे अधिक से अधिक ग्राहक लाभान्वित हो सकें।

उन्होंने बताया कि स्वयंसिद्दा एक गैर-लाभकारी पहल है, जिसके आयोजन के लिए छह माह से अधिक समय तक कार्यकर्ताओं द्वारा अथक प्रयास किए जाते हैं।

लघु उद्योग भारती महानगर उदयपुर इकाई के अध्यक्ष श्री राजेंद्र सुराणा ने संगठन की ओर से महिलाओं एवं अन्य उद्यमियों को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें बाजार से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के मनोज जोशी, सचिव शुभम डांगी, मोनिका कोठारी, गुडली इकाई के अध्यक्ष दीपक हरकावत, गिर्वा इकाई के अध्यक्ष ओम दवे एवं कलड़वास इकाई के अध्यक्ष बाबूसिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Latest Ekai Acitivity

SUBSCRIBE NEWSLETTER

Stay Updated with
Latest News

Join 50,000+ subscribers. No spam, unsubscribe anytime.
Subscribe to our newsletter and never miss breaking stories, trending topics, and exclusive insights.

Email Address


LUB is India's largest MSME welfare organisation with a grassroot level presence and engagement from all members from Kashmir to Andaman and Nicobar Islands and from Assam to Gujarat. Join us to explore the most expansive industry network in India.
© 2026
Laghu Udyog Bharati. All rights reserved.

Website by Creativity Please