वाराणसी में लघु उद्योग भारती, उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव श्री राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उद्यमियों की एक महत्वपूर्ण बैठक MSME DFO वाराणसी के औद्योगिक आस्थान, चांदपुर स्थित कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में सहायक निदेशक (इंचार्ज), MSME DFO वाराणसी, श्री राजेश चौधरी के समक्ष विभिन्न सरकारी योजनाओं, उद्योग स्थापना एवं उद्यमियों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
श्री राजेश कुमार सिंह ने कहा कि काशी में लघु उद्योग भारती नई युवा पीढ़ी के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें उद्योग एवं स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करेगी तथा उद्योग स्थापित करने में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं के साथ भी संगठन द्वारा सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि तकनीकी शिक्षा ग्रहण कर रहे युवाओं को लघु उद्योग भारती से जुड़े उद्यमियों की फैक्ट्रियों का भ्रमण कराया जाएगा, जिससे उन्हें किताबी ज्ञान के साथ उद्योग जगत का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हो सके। इसका उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला उद्यमी बनाना है।
MSME DFO वाराणसी के सहायक निदेशक (इंचार्ज) श्री राजेश चौधरी ने बताया कि भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर युवा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, कौशल विकास योजना सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से कुटीर एवं लघु उद्योग स्थापित कर सकते हैं। इन योजनाओं के अंतर्गत बैंकों के माध्यम से ऋण सुविधा के साथ सरकार द्वारा सब्सिडी भी प्रदान की जाती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उद्योग स्थापित करने के इच्छुक युवाओं एवं उद्यमियों को विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार की विपणन सहायता योजना के अंतर्गत आकांक्षी जनपद सोनभद्र में NTPC के सहयोग से 2 एवं 3 सितंबर 2026 को शक्तिनगर, सोनभद्र में विक्रेता विकास कार्यक्रम एवं औद्योगिक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
बैठक में श्री राजेश चौधरी, सहायक निदेशक (इंचार्ज), MSME DFO वाराणसी, श्री रितेश बरनवाल, सहायक निदेशक, MSME वाराणसी सहित श्री बृजेश गुप्ता, श्री दिलीप गुप्ता, श्री नयन गुप्ता, श्री अभय एवं अन्य उद्यमी उपस्थित रहे।