लघु उद्योग भारती की वार्षिक आम बैठक संपन्न, उद्योग विकास और संगठन विस्तार पर हुआ मंथन
दिनांक 29 अप्रैल 2026 को लघु उद्योग भारती की वार्षिक आम बैठक का आयोजन नवादा रोड, सहारनपुर स्थित स्वर्ण पैलेस होटल में किया गया, जिसमें संगठन के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक बड़ी संख्या में सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आशुतोष जी एवं सुमित राजेश महाजन उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान Indian Institute of Technology Roorkee से आए प्रोफेसर्स तथा Small Industries Development Bank of India के अधिकारियों ने अपने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से उद्योगों के समक्ष आने वाली वैश्विक चुनौतियों और उनके समाधान पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि सहारनपुर में अपार संभावनाएं हैं और यदि ईमानदारी से प्रयास किए जाएं तो यह शहर औद्योगिक विकास के नए आयाम स्थापित कर सकता है।
संभाग महामंत्री अनुपम गुप्ता ने कहा कि जब तक स्थानीय राजनीतिक व्यवस्था उद्योगों की समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से नहीं समझेगी, तब तक क्षेत्र का समग्र विकास कठिन रहेगा। वहीं जिलाध्यक्ष वरुण अग्रवाल ने संगठन के विस्तार का आह्वान करते हुए प्रत्येक सदस्य से अगले एक माह में कम से कम एक नए सदस्य को जोड़ने की अपील की।
बैठक में विभिन्न पदाधिकारी, संरक्षक, कार्यकर्ता एवं उद्योग जगत से जुड़े अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना, उद्योगों की चुनौतियों पर चर्चा करना तथा क्षेत्रीय औद्योगिक विकास के लिए सामूहिक रणनीति तैयार करना रहा।