लघु उद्योग भारती की छिंदवाड़ा इकाई द्वारा संगठन के 33वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर लहगडुआ औद्योगिक क्षेत्र में एक विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर में लगभग 500 श्रमिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सीय परामर्श का लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री विवेक बंटी साहू उपस्थित रहे। मंच पर कार्यक्रम संयोजक राजेश दारा जुनेजा, एमपीआईडीसी के अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा संगठन के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन भी किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने श्रमिकों के योगदान को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं जैसे PM Vishwakarma Scheme, Pradhan Mantri Shram Yogi Maandhan Yojana तथा Atal Pension Yojana की जानकारी साझा की।
इकाई अध्यक्ष सौरभ राय ने अपने उद्बोधन में एमएसएमई क्षेत्र के राष्ट्रीय आर्थिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि देश की जीडीपी, निर्यात और रोजगार सृजन में MSME क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। वरिष्ठ सदस्य राजेश दारा जुनेजा द्वारा उपस्थित चिकित्सकों एवं अतिथियों का स्वागत किया गया, जबकि कार्यक्रम का संचालन सचिव सुधीर शर्मा ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में इकाई के अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और श्रमिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति संगठन की सेवा भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।