लघु उद्योग भारती, झालावाड़ इकाई द्वारा जिला उद्योग केंद्र, झालावाड़ के सहयोग से होटल गीतांजली में उद्यम जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रमुख उद्योगपतियों एवं उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान का उद्देश्य उद्यमियों को सरकार की विभिन्न औद्योगिक योजनाओं, नीतियों, प्रोत्साहनों एवं सब्सिडी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें इनका प्रभावी लाभ लेने के लिए जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में RIICO के RM श्री भारद्वाज एवं जिला उद्योग केंद्र, झालावाड़ के महाप्रबंधक श्री शंभू सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती चित्तौड़ प्रांत के उपाध्यक्ष श्री पुखराज जैन, झालावाड़ इकाई अध्यक्ष श्री स्वप्निल पाटनी, झालरापाटन इकाई अध्यक्ष श्री विपिन धूपिया एवं महिला इकाई से श्रीमती जया गुप्ता सहित संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ लघु उद्योग भारती के संगठन मंत्र के साथ हुआ। मंच संचालन झालावाड़ इकाई के सचिव श्री अर्पित मित्तल द्वारा किया गया।
Institute of Leadership Development (ILD) की टीम के श्री पंकज कुमार द्वारा MSME Policy, एक जिला एक उत्पाद (ODOP) एवं Export Promotion Scheme के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं, योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने उद्योगों को मिलने वाली सब्सिडी एवं सरकारी सहायता योजनाओं को सरल एवं व्यावहारिक रूप से समझाया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित उद्यमियों ने योजनाओं से संबंधित अपने प्रश्न एवं जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। उद्योगपतियों ने इस जानकारी को अपने उद्योगों के विकास एवं विस्तार के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के सक्रिय सदस्य एवं CA कौशल अग्रवाल ने सरकारी योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं एवं चुनौतियों पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ उनके वास्तविक लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं जमीनी स्तर की चुनौतियों को समझना भी आवश्यक है।
कार्यक्रम में उद्योगों के विकास, सरकारी योजनाओं के प्रभावी उपयोग एवं उद्यमियों की समस्याओं पर संवादात्मक चर्चा हुई। लघु उद्योग भारती पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का निरंतर प्रयास है कि उद्यमियों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराया जाए तथा सरकार की योजनाओं एवं सुविधाओं की सही जानकारी उद्योग जगत तक पहुंचाई जाए।
जिला उद्योग केंद्र, झालावाड़ की ओर से भी उद्यमियों को उद्योगों के विकास एवं विस्तार हेतु उपलब्ध योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर लघु उद्योग भारती की ओर से सभी अतिथियों, जिला उद्योग केंद्र, RIICO, ILD टीम, संगठन पदाधिकारियों, सक्रिय सदस्यों एवं उपस्थित सभी उद्योगपतियों का आभार व्यक्त किया गया। यह उद्यम जागरूकता अभियान जिले के उद्योग जगत को नई योजनाओं, अवसरों एवं विकास की संभावनाओं से जोड़ने की दिशा में एक सफल पहल साबित हुआ।