देवास। लघु उद्योग भारती, देवास इकाई की मासिक बैठक 25 अगस्त 2026 को आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा स्थानीय उद्योगों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नागदा में आयोजित मालवांचल बैठक में लिए गए निर्णयों एवं विषयों की जानकारी सदस्यों के साथ साझा की गई। आगामी क्षेत्रीय सम्मेलन के लिए सदस्यों के रजिस्ट्रेशन, स्टॉल लगाने, विज्ञापन देने तथा उद्योगों की सफलता की कहानियां प्रस्तुत करने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
उद्योगों से संबंधित समस्याओं में MPEB स्मार्ट मीटर के कारण बढ़े हुए बिजली बिलों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सदस्यों ने इस समस्या को उचित स्तर पर रखने और समाधान के प्रयास करने पर चर्चा की। इसके साथ ही आगामी विश्वकर्मा जयंती कार्यक्रम की तैयारियों पर भी विचार किया गया।
संगठन विस्तार के अंतर्गत सदस्यता अभियान को गति देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लघु उद्योग भारती की नई इकाइयों के गठन पर विशेष चर्चा हुई। वहीं, लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों से जुड़े विषयों पर नईदुनिया द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम को लेकर भी सदस्यों ने चर्चा की।