लघु उद्योग भारती बारां द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं औद्योगिक क्षेत्रों को हरित बनाने के उद्देश्य से “ग्रीन रीको बारां” एवं “हरियालो राजस्थान” कार्यक्रम के अंतर्गत रीको औद्योगिक क्षेत्र, बारां में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन लघु उद्योग भारती एवं मनीभद्र एग्रो टेक, बारां के सहयोग से गुरुवार, 27 अगस्त 2026 को दोपहर 3:30 बजे किया गया।
पौधारोपण कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती राजस्थान के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रान्त प्रभारी पवन गोयल ड्रोलिया, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रान्त सहसचिव वेद प्रकाश टक्कर, बारां इकाई अध्यक्ष अविनाश खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता सहित मनीभद्र एग्रोटेक के कर्मचारी एवं श्रमिक तथा गौतम बोरडिया, विवेक जैन, प्रीतम बोरडिया, यश बोरडिया एवं विनय जैन आदि ने सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान कचनार, अशोक, सहजन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में पूर्व वन अधिकारी रघु नंदन वर्मा का विशेष योगदान रहा। पौधारोपण के पश्चात उपस्थित सदस्यों ने रीको औद्योगिक क्षेत्र एवं रीको कार्यालय परिसर में लघु उद्योग भारती द्वारा पूर्व में लगाए गए पौधों एवं वृक्षों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों की देखभाल तथा औद्योगिक क्षेत्रों में हरित वातावरण विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया गया।
लघु उद्योग भारती बारां द्वारा आयोजित यह पहल उद्योग एवं पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने तथा हरित एवं स्वच्छ औद्योगिक क्षेत्र के निर्माण की दिशा में एक सराहनीय कदम है।