लघु उद्योग भारती बीकानेर की कार्यकारिणी बैठक में संगठन विस्तार एवं उद्योग हितों पर हुआ मंथन
बीकानेर, 11 जून 2026। लघु उद्योग भारती, बीकानेर की नियमित कार्यकारिणी बैठक सायं 6:30 बजे होटल राजमहल में प्रांतीय अध्यक्ष श्री बालकिशन परिहार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी योजनाओं एवं संगठन को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने के विषय में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में संघटक इकाइयों से आह्वान किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में समय-समय पर आमसभाओं का आयोजन करें तथा उनमें मुख्य इकाई एवं प्रांतीय पदाधिकारियों को आमंत्रित करें। इससे स्थानीय औद्योगिक समस्याओं, सुझावों एवं उनके समाधान पर सार्थक संवाद स्थापित हो सकेगा और उद्योग जगत की चुनौतियों को बेहतर ढंग से सरकार एवं संबंधित विभागों तक पहुँचाया जा सकेगा।
प्रांतीय अध्यक्ष श्री बालकिशन परिहार ने संगठन विस्तार को प्राथमिकता देते हुए नए उद्यमियों एवं उद्योगों को लघु उद्योग भारती से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दिशा में सदस्यता अभियान को गति देने एवं संगठन की पहुँच को अधिक व्यापक बनाने की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक के दौरान श्री मोहनलाल सुराणा के जन-अभाव अभियोग एवं सतर्कता समिति के शासकीय सदस्य पद पर मनोनयन होने पर कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा उनका अभिनंदन एवं स्वागत किया गया तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त की गईं।
बैठक में संरक्षक श्री सुभाष मित्तल, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य श्री हर्ष कंसल एवं श्री प्रकाश नवहाल, बीकानेर इकाई के अध्यक्ष श्री राजेश गोयल, सचिव श्री राकेश जाजू, कोषाध्यक्ष श्री अरविन्द गौड़ सहित विभिन्न संघटक इकाइयों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का समापन उद्योग हित, संगठन सशक्तिकरण एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ किया गया। लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने उद्यमियों की समस्याओं के समाधान और संगठन के निरंतर विस्तार के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प दोहराया।