कोटा। लघु उद्योग भारती महिला इकाई, कोटा द्वारा सेवा प्रकल्प के अंतर्गत सामाजिक सरोकार से जुड़ा सेवा कार्य आयोजित किया गया। इस दौरान भारतीय विद्या मंदिर स्कूल, केशवपुरा में विद्यार्थियों को 100 छातों का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
इसके पश्चात महिला इकाई की ओर से गोविंदराम जी मित्तल द्वारा संचालित वृद्ध आश्रम में पहुंचकर वरिष्ठजनों को 50 चादरें भेंट की गईं। इस अवसर पर वरिष्ठजनों का सम्मान करते हुए महिला इकाई की सदस्यों ने उनके साथ आत्मीय समय व्यतीत किया और उनका कुशलक्षेम जाना। कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर महिला इकाई अध्यक्ष चाँदनी पोद्दार ने कहा कि “सेवा ही संगठन की सच्ची पहचान है।” उन्होंने कहा कि समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है। महिला इकाई द्वारा जरूरतमंदों और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में महिला इकाई की सचिव निहारिका गुप्ता, कोषाध्यक्ष अलका अग्रवाल तथा सदस्य शशी मित्तल, शुभा गुप्ता, शीलू जैन, कोमल खंडेलवाल, अनामिका गुप्ता, शेली विजय एवं रश्मि मित्तल उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों ने सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।