लघु उद्योग भारती, रांची महानगर का स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न
विदेशी की जगह स्वदेशी उत्पाद अपनाएं: गोपाल शर्मा
रांची। लघु उद्योग भारती, रांची महानगर का स्थापना दिवस समारोह सोमवार को कोकर स्थित जेसिया सभागार में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रांत प्रचारक गोपाल शर्मा ने कहा कि एमएसएमई सेक्टर देश को आत्मनिर्भर भारत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि जापान और चीन जैसे देशों ने कौशल विकास के माध्यम से अपने नागरिकों को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया है।
उन्होंने उपस्थित उद्यमियों एवं युवाओं से अपील की कि विदेशी उत्पादों की जगह स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं और देश के उत्पादों पर गर्व करें। उन्होंने कहा कि विदेशी वस्तुओं का उपयोग केवल मजबूरी में ही किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने स्वाधारित जीवन शैली अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
गोपाल शर्मा ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि पलासी के युद्ध से पहले विश्व व्यापार में भारत का लगभग 40 प्रतिशत योगदान था, जिसमें एमएसएमई सेक्टर की प्रमुख भूमिका थी। अंग्रेजों ने भारत की व्यापारिक और शैक्षणिक व्यवस्था को कमजोर किया, जिसका प्रभाव लंबे समय तक रहा।
विशिष्ट अतिथि पालक अधिकारी राजीव कमल बिट्टू ने कहा कि लघु उद्योग भारती देश के उत्थान में प्रभावी भूमिका निभा रही है। संगठन की सक्रियता से इसके उद्देश्य साकार हो रहे हैं। उन्होंने सामाजिक स्तर पर संयुक्त परिवार को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, स्वदेशी अपनाने और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया।
पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष विजय छापड़िया ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि लघु उद्योग भारती झारखंड सहित देश के कई राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। वर्तमान में संगठन झारखंड के 16 जिलों में कार्यरत है और जल्द ही पूरे राज्य में अपनी व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करेगा।
प्रांत उपाध्यक्ष सह संयोजक सत्य प्रकाश पांडे ने कहा कि संगठन का उद्देश्य झारखंड में और अधिक मजबूती लाना है, जिसके लिए लगातार नए सदस्यों को जोड़ा जा रहा है।
महानगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए रांची महानगर की गतिविधियों की जानकारी साझा की। महिला मंडल अध्यक्ष सरिता पांडे ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिली है।
कार्यक्रम का संचालन महिला विंग की उपाध्यक्ष सुचित्रा छापड़िया ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन कोमल नारसरिया द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर नए सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में प्रांत उपाध्यक्ष सह संयोजक सत्य प्रकाश पांडे, प्रकाश हेतमसरिया सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।