लघु उद्योग भारती, विश्वकर्मा इकाई जयपुर की मासिक बैठक 3 अगस्त 2026 को विश्वकर्मा रिक्रिएशन क्लब, जयपुर में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ओम जी मित्तल की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जयपुर प्रांत के संपर्क प्रमुख श्री विवेक जी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
बैठक में वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के वर्तमान एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई तथा आगामी 16 अगस्त को विश्वकर्मा इकाई द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम की तैयारियों एवं रूपरेखा पर चर्चा की गई।
लघु उद्योग भारती, जयपुर प्रांत अध्यक्ष श्री महेंद्र जी मिश्रा ने उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए स्थानीय आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कौशल विकास आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा लघु उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा। इस दिशा में प्रत्येक इकाई द्वारा संबंधित तकनीकी संस्थानों से संपर्क कर कार्य करने की योजना पर भी चर्चा हुई।
बैठक में उद्यमियों ने सोलर ऊर्जा से उत्पादित विद्युत के उचित मूल्य निर्धारण, ऋण प्रक्रियाओं में रजिस्ट्री संबंधी जटिलताओं, व्यक्तिगत उपस्थिति की अनिवार्यता एवं अधिक शुल्क जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया। प्रांत कार्यकारिणी द्वारा इन समस्याओं के समाधान हेतु शासन स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी गई।
विश्वकर्मा इकाई अध्यक्ष श्री पुष्प कुमार स्वामी ने औद्योगिक क्षेत्रों में लॉजिस्टिक एवं वेयरहाउस पर लगाए जा रहे कन्वर्जन शुल्क का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वेयरहाउस को केंद्र सरकार द्वारा उद्योग का दर्जा दिए जाने के बाद ऐसे शुल्क उद्योग हित में नहीं हैं। इस विषय पर प्रांत अध्यक्ष श्री महेंद्र मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री, उद्योग मंत्री एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरंतर संवाद एवं पत्राचार जारी है तथा शीघ्र सकारात्मक परिणाम की अपेक्षा है।
बैठक में विश्वकर्मा रिक्रिएशन क्लब के अध्यक्ष एवं लघु उद्योग भारती प्रांत सचिव श्री संजय खोज, इकाई कोषाध्यक्ष श्री राजेश शर्मा, पूर्व अध्यक्ष श्री सुधीर जी गाडिया, मंडा इंडस्ट्रियल एरिया अध्यक्ष श्री सोमप्रकाश गर्ग, संयुक्त सचिव श्री अनुपम माथुर सहित अनेक उद्यमी उपस्थित रहे।
अंत में इकाई सचिव श्री दीपक धानोठिया ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।