किशनगढ़। खोड़ा गणेश औद्योगिक क्षेत्र सहित किशनगढ़ के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर लघु उद्योग भारती, किशनगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों के साथ सार्थक वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्री राम अवतार अग्रवाल ने किया।
बैठक में अध्यक्ष श्री उमेश गोयल, श्री राजेश बाफना, सचिव श्री गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री प्रहलाद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्री कीर्ति कोचेता, चित्तौड़ प्रांत से श्री दीपक शर्मा, श्री राजू जी ए. अरड़का, श्री कैलाश अग्रवाल, श्री गौरव राठी, श्री रौनक कोचेता, श्री सुनील बल्दवा सहित अनेक उद्यमी उपस्थित रहे। निगम की ओर से अधिशासी अभियंता किशनगढ़ श्री सुनील कुमार बंसल, सहायक अभियंता ग्रामीण श्री महेश चौहान, सहायक अभियंता रीको श्री देवेंद्र मीणा, सहायक अभियंता शहर श्री मनीष दत्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में खोड़ा गणेश औद्योगिक क्षेत्र में लगातार विद्युत ट्रिपिंग, बार-बार होने वाली अघोषित विद्युत कटौती तथा विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में समय पर सूचना नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। श्री गौरव अग्रवाल एवं श्री दीपक शर्मा ने बताया कि विद्युत व्यवधान के कारण औद्योगिक इकाइयों के उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान की मांग रखी।
अधिशासी अभियंता श्री सुनील कुमार बंसल ने बताया कि क्षेत्र में ढाणी पुरोहितान फीडर एवं रीको फीडर के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की जा रही है। इस पर श्री राम अवतार अग्रवाल ने सुझाव दिया कि रीको फीडर को यथावत रखते हुए ढाणी पुरोहितान फीडर को खोड़ा गणेश औद्योगिक क्षेत्र के लिए पृथक औद्योगिक फीडर बनाया जाए तथा इसे घरेलू विद्युत आपूर्ति से अलग रखा जाए। इससे बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या के स्थायी समाधान में मदद मिलेगी।
देर रात्रि विद्युत कटौती के दौरान अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पाने का विषय भी उठाया गया। श्री कीर्ति कोचेता ने बताया कि कई बार 4 से 6 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है, लेकिन उद्यमियों को वास्तविक स्थिति की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती। इस पर सहायक अभियंता ग्रामीण श्री महेश चौहान ने आश्वासन दिया कि आठ-आठ घंटे की तीन पालियों के अनुसार संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम और संपर्क नंबर खोड़ा गणेश औद्योगिक क्षेत्र के विद्युत समूह में उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिससे विद्युत कटौती एवं आपूर्ति बहाली की जानकारी उद्यमियों को समय पर मिल सके।
बैठक में मार्बल क्षेत्र के पंचम एवं षष्ठम चरण में औद्योगिक इकाइयों को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध नहीं होने तथा सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए आवश्यक विद्युत भार बढ़ाने में आ रही कठिनाइयों का मुद्दा भी उठाया गया। लघु उद्योग भारती अध्यक्ष श्री उमेश गोयल ने अधिकारियों को इस संबंध में पत्र सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की।
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित फीडर के ट्रांसफार्मर पर तकनीकी कारणों से अधिक भार होने के चलते विद्युत भार बढ़ाने के आवेदन वापस किए जा रहे हैं। इस पर श्री राम अवतार अग्रवाल ने नए ट्रांसफार्मर की स्थापना के लिए तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया। आवश्यकता पड़ने पर इस विषय को निगम के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रबंध निदेशक कार्यालय, अजमेर के समक्ष रखने के लिए प्रस्ताव तैयार करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी समस्याओं के समाधान को लेकर लघु उद्योग भारती द्वारा निरंतर अनुवर्ती कार्रवाई की जाएगी तथा लगभग सात दिवस पश्चात पुनः बैठक आयोजित कर कार्रवाई की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
वार्ता सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। विद्युत निगम अधिकारियों ने औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक एवं सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
लघु उद्योग भारती – किशनगढ़
उद्योग हित में निरंतर प्रयासरत