विद्युत समस्याओं के समाधान हेतु लघु उद्योग भारती प्रतिनिधिमंडल ने कार्यपालन अभियंता से की मुलाकात
दुर्ग। लघु उद्योग भारती रसमड़ा एवं दुर्ग इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने रसमड़ा औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर विद्युत विभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता संजय खंडेलवाल से उनके कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में रसमड़ा एवं दुर्ग इकाई के अध्यक्ष संजय मिश्रा, सचिव ओमप्रकाश रजक तथा कोषाध्यक्ष धीरेंद्र कश्यप शामिल रहे।
बैठक के दौरान रसमड़ा-सिलोदा औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में 33 केवी लाइन के लिए अलग विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने की आवश्यकता प्रमुखता से रखी। इस पर कार्यपालन अभियंता श्री संजय खंडेलवाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्ग खंड के अधीक्षण अभियंता आरके मिश्रा को सिलोदा क्षेत्र में 33 केवी विद्युत सब स्टेशन स्थापना हेतु आवश्यक प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक क्षेत्र के लिए बीएसएनएल फीडर को अलग करने का मुद्दा भी उठाया, जिस पर ग्रामीण एवं औद्योगिक क्षेत्रों की विद्युत लाइनों को पृथक करने पर सहमति बनी। इसके साथ ही बार-बार होने वाले विद्युत अवरोध को रोकने के लिए सभी लाइनों के नियमित संधारण एवं रखरखाव का आश्वासन दिया गया।
कार्यपालन अभियंता ने भविष्य में किसी भी विद्युत समस्या के त्वरित निराकरण के लिए तत्पर रहने का भरोसा दिलाया। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने हेतु सप्ताह में एक दिन “मेंटेनेंस डे” निर्धारित करने पर भी सहमति बनी।
अंत में लघु उद्योग भारती रसमड़ा इकाई के अध्यक्ष श्री संजय मिश्रा ने कार्यपालन अभियंता को रसमड़ा क्षेत्र के भ्रमण का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया। उन्होंने निकट भविष्य में सिलोदा, रसमड़ा एवं बोरई क्षेत्र के उद्योगपतियों के साथ बैठक कर विद्युत संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन भी दिया।