आज दिनांक 30 जुलाई 2026 को स्थानीय शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, हरदा में सफल उद्योगपति श्रृंखला के अंतर्गत एक प्रेरणादायक सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती, हरदा के अध्यक्ष श्री अभय जैन (संचालक, उषा केमिकल, हरदा) एवं सचिव श्री राजेश कुमार अग्रवाल (संचालक, वैभव टाइल्स एंड सीमेंट फैब्रिकेशन, हरदा) ने प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं से संवाद किया।
अपने उद्बोधन में दोनों उद्योगपतियों ने विद्यार्थियों को उद्योग एवं व्यापार प्रारंभ करने की प्रक्रिया, स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों तथा उद्यम स्थापित करते समय आने वाली चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार, आत्मविश्वास, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा भविष्य में रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अभिरुचि सेन एवं व्याख्याता श्री विकास भूमरकर भी उपस्थित रहे। महाविद्यालय परिवार ने लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरक कार्यक्रम विद्यार्थियों में उद्यमिता के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।