सीहोर में संगठन विस्तार को लेकर सक्रिय हुआ लघु उद्योग भारती
उद्योगों के संगठन और उद्यमियों की आवाज को मजबूत करने के उद्देश्य से लघु उद्योग भारती द्वारा सीहोर जिले में संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। 6 मई 2026 को सीहोर के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में प्रवास कर जिला इकाई गठन की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा की गई।
इस प्रवास में मध्य प्रांत महासचिव श्री विनोद नायर, भोपाल इकाई के उपाध्यक्ष श्री ईश अरोरा तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश कुमार गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय उद्यमियों से मुलाकात कर उद्योगों की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और संगठन की भूमिका पर संवाद किया।
बैठक और प्रवास के दौरान यह विचार सामने आया कि छोटे एवं मध्यम उद्योगों को संगठित मंच प्रदान कर उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। साथ ही, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और नई इकाइयों को प्रोत्साहन देने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
इसी क्रम में जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के महाप्रबंधक श्री अनुराग वर्मा से सौजन्य भेंट कर उन्हें लघु उद्योग भारती का कैलेंडर भेंट किया गया। इस अवसर पर उद्योग हित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई तथा संगठन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया गया।
यह प्रवास सीहोर जिले में औद्योगिक जागरूकता बढ़ाने और उद्यमियों को एक सशक्त मंच से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।