सोहन सिंह स्मृति कौशल विकास केंद्र में प्रशिक्षणार्थियों से संवाद
सोहन सिंह स्मृति कौशल विकास केंद्र में आयोजित अप्रैल माह की स्किल प्रशिक्षण शाला के अंतर्गत लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों के साथ सार्थक संवाद किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने प्रतिभागियों से उनके प्रशिक्षण अनुभव, सीखने की प्रगति तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की।
बैठक में कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि वर्तमान समय में रोजगार और स्वरोजगार के लिए तकनीकी दक्षता अत्यंत आवश्यक है। पदाधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपने कौशल को निरंतर निखारें और उसे व्यावहारिक रूप में अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।
इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और केंद्र द्वारा प्रदान किए जा रहे प्रशिक्षण की सराहना की। संवाद के माध्यम से उनके सुझावों को भी गंभीरता से सुना गया, जिससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल कौशल प्रदान करना था, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, उद्यमिता और रोजगार के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना भी रहा।