लघु उद्योग भारती द्वारा ‘स्वयरिद्धा – राखी एवं तीज मेला 2026’ का आयोजन 1–2 अगस्त को जयपुर में
जयपुर, राजस्थान।
लघु उद्योग भारती की वैशाली नगर इकाई एवं हेरिटेज महिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में “स्वयरिद्धा – राखी एवं तीज मेला 2026” का आयोजन 1 एवं 2 अगस्त 2026 को महाल राजवाड़ा रिसॉर्ट, वैशाली नगर पुलिस स्टेशन के निकट, वैशाली नगर, जयपुर में किया जाएगा। इस दो दिवसीय मेले का उद्देश्य महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए सशक्त मंच उपलब्ध कराना तथा भारतीय संस्कृति, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना है।
मेले में राखी, फैशन परिधान, आभूषण, हस्तनिर्मित उत्पाद, एक्सेसरीज़, गृह सज्जा सामग्री, उपहार वस्तुएँ, हस्तशिल्प तथा विभिन्न प्रकार के खाद्य उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी एवं बिक्री होगी। “Shop | Celebrate | Empower” की थीम पर आयोजित यह आयोजन महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ त्योहारों की खरीदारी के लिए भी एक विशेष आकर्षण होगा।
इस अवसर पर राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री श्री के. के. विश्नोई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके करकमलों से मेले का शुभारंभ होगा।
लघु उद्योग भारती ने प्रदेश के उद्यमियों, महिला स्व-रोजगार समूहों, हस्तशिल्पकारों एवं आमजन से इस मेले में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने एवं महिला उद्यमियों के उत्पादों को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया है। यह आयोजन न केवल त्योहारों की खुशियों को और विशेष बनाएगा, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और महिला सशक्तिकरण की भावना को भी मजबूत करेगा।

