लघु उद्योग भारती, जोधपुर प्रांत की जालोर इकाई द्वारा संचालित कौशल विकास केंद्र के नवीन भवन का शिलान्यास समारोह सोमवार, 6 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह समारोह प्रातः 9:30 बजे रीको कार्यालय के पास, तृतीय चरण औद्योगिक क्षेत्र, जालोर में आयोजित होगा। संगठन ने सभी उद्योगजनों, उद्यमियों एवं गणमान्य नागरिकों से समारोह में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने का आग्रह किया है।
कार्यक्रम में श्री श्री 1008 पीर श्री गंगानाथजी महाराज (भेरूनाथजी का अखाड़ा एवं सिरे मंदिर, जालोर) पावन सान्निध्य प्रदान करेंगे। लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री प्रकाशचन्द्र जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समारोह की अध्यक्षता जालोर–सिरोही के सांसद श्री लुम्बारामजी चौधरी करेंगे। वहीं राजस्थान सरकार के मुख्य सचेतक एवं विधायक श्री जोगेश्वरजी गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के प्रदेश एवं प्रांत पदाधिकारी, जालोर एवं भागली इकाई के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य तथा बड़ी संख्या में उद्यमियों की उपस्थिति रहेगी। यह नवीन भवन कौशल विकास गतिविधियों को सुदृढ़ करने तथा स्थानीय युवाओं एवं उद्योगों के लिए प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

