उद्यमी संगम 2026 : पूर्णिया के उद्यमियों को मिलेगा साझा मंच
पूर्णिया (बिहार), 26 जुलाई। लघु उद्योग भारती, पूर्णिया इकाई द्वारा क्षेत्र के उद्यमियों, उद्योगपतियों एवं स्टार्टअप्स को एक साझा मंच प्रदान करने तथा स्थानीय उद्योगों के विकास को गति देने के उद्देश्य से “उद्यमी संगम” का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्णिया एवं आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक संभावनाओं को बढ़ावा देना, सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा करना तथा उद्यमियों के बीच समन्वय एवं नेटवर्किंग को सुदृढ़ करना है। इस अवसर पर उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे और उद्यमिता विकास पर विचार-विमर्श होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यवसाय आयोग के अध्यक्ष श्री सुरेश रंगटा होंगे। वहीं, लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम सुंदर भीमसरिया की गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएगी।
कार्यक्रम का आयोजन 26 जुलाई 2026, प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक श्रीनायक होटल, पूर्णिया में होगा। कार्यक्रम के पश्चात सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी रहेगी।
लघु उद्योग भारती, पूर्णिया इकाई के अध्यक्ष श्री सुशील भालोटिया ने सभी उद्यमियों, उद्योगपतियों एवं नवोदित स्टार्टअप्स से इस आयोजन में सहभागिता कर अपने विचारों एवं अनुभवों से कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया है।

