मंडौर में लघु उद्योग भारती की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
अंबाला, 17 मई। लघु उद्योग भारती अंबाला द्वारा मंडौर औद्योगिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक अरुण अग्रवाल के सौजन्य से गैलेक्सी पैकेजिंग, पंचायत घर के निकट, औद्योगिक क्षेत्र मंडौर में संपन्न हुई। बैठक में नॉन-कन्फर्मिंग एरिया में संचालित औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं एवं उनके समाधान के साथ-साथ उद्योगों को अधिकृत कराने के विषय पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक में मंडौर इकाई के साथ धूलकोट, अंबाला शहर एवं हिसार रोड क्षेत्र की इकाइयों के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विनोद बंसल ने की।
इस अवसर पर उत्तर भारत के सह प्रभारी शुभादेश मित्तल ने उद्यमियों को विषय से संबंधित विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया तथा उपस्थित उद्योगपतियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर विस्तारपूर्वक दिए।
बैठक के दौरान लघु उद्योग भारती ने ध्वनि मत से प्रस्ताव पारित कर नॉन-कन्फर्मिंग एरिया में चल रहे उद्योगों को अधिकृत करने के ऐतिहासिक निर्णय हेतु हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सुभाष धीमान ने अरुण अग्रवाल एवं बड़ी संख्या में उपस्थित उद्यमियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक उपरांत सभी प्रतिभागियों को जलपान हेतु आमंत्रित किया गया।


