उज्जैन में लघु उद्योग भारती मालवांचल की महत्वपूर्ण बैठक अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई। बैठक में मालवांचल की 34 इकाइयों से करीब 200 उद्यमियों ने भाग लिया।
बैठक में उद्यम, श्रमिक, पंच परिवर्तन, संगठन विस्तार तथा प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा ऊर्जा संकट एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को लेकर किए गए आह्वान पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रकाश चंद्र ने उद्यमियों से आग्रह किया कि वे अपने यहां कार्यरत श्रमिकों को केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य के रूप में देखें। उन्होंने कहा कि श्रमिकों में भी सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि संगठनात्मक और सामाजिक कार्यों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सके।
प्रदेश के संयुक्त महामंत्री राजेश गर्ग ने जानकारी दी कि वर्तमान में देशभर में लघु उद्योग भारती के लगभग 70 हजार सदस्य हैं, जिनमें मध्यप्रदेश के 7500 तथा मालवांचल क्षेत्र के 3400 सदस्य शामिल हैं।
बैठक में पंच परिवर्तन अभियान को समाज तक पहुंचाने, इकाइयों की नियमित मासिक बैठकें आयोजित करने, 25 अप्रैल स्थापना दिवस एवं विश्वकर्मा जयंती जैसे आयोजनों को प्रभावी रूप से मनाने पर जोर दिया गया।
संगठन पदाधिकारियों ने आगामी सिंहस्थ के दौरान सेवा कार्यों और संगठन परिचय के लिए विशेष स्टॉल लगाने की योजना पर भी चर्चा की।
बैठक में ताराचंद गोयल, समीर मूंदरा, राजेश मिश्रा, अरुण सोनी, राजेंद्र दुबे, सीमा मिश्रा सहित अनेक पदाधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक जितेंद्र भाटी ने बताया कि संगठन विस्तार और उद्यमियों के संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से इस प्रकार की बैठकें प्रत्येक तीन माह में नियमित रूप से आयोजित की जाती हैं।


