लघु उद्योग भारती की झारखंड प्रदेश महिला इकाई की सदस्याओं ने सोमवार को संगठन के महामंत्री बिनोद कुमार अग्रवाल से मुलाकात कर आगामी सांसद स्वदेशी मेला में भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की। यह मेला 1 मई से ऑड्रे हाउस में आयोजित होने जा रहा है, जिसमें महिला उद्यमी अपने स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लगाकर न केवल अपने व्यवसाय को बढ़ावा देंगी, बल्कि स्थानीय उत्पादों को भी व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास करेंगी।
इस अवसर पर बिनोद अग्रवाल ने महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करते हुए अधिक से अधिक संख्या में स्टॉल लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्टॉल बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाते हुए मौके पर ही आवेदन फॉर्म भरवाए और महिला इकाई को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। महिला इकाई की संयुक्त सचिव नीतू सिंह ने बताया कि मेले की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और बड़ी संख्या में स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे उत्पादों को बाजार मिलने के साथ उनका व्यापक प्रचार-प्रसार भी हो सके।
महिला उद्यमियों ने संगठन द्वारा निरंतर मिल रहे मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग मिलने की अपेक्षा जताई। इस मुलाकात में डॉ. अनुरंजिता सिंह, आशा सिन्हा, जयश्री इंदवार और बबिता सिंह सहित कई महिला उद्यमी उपस्थित रहीं।
कांके रोड स्थित लघु उद्योग भारती कार्यालय में आयोजित इस बैठक के दौरान बिनोद अग्रवाल ने जयपुर में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय कार्यसमिति बैठक एवं सम्मेलन की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल से शुरू होने वाला यह तीन दिवसीय आयोजन 25-26 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें देशभर के पदाधिकारी एवं सदस्य भाग लेंगे। इस बैठक में स्वदेशी उत्पादों के उत्पादन, विपणन और उनके व्यापक उपयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
अंत में, बिनोद अग्रवाल ने कहा कि लघु उद्योग भारती लगातार देशभर में स्वदेशी को प्रोत्साहित करने के लिए कार्यरत है। संगठन का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ना और लघु उद्योगों के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि महिला उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी से स्वदेशी आंदोलन को नई ऊर्जा मिलेगी।


