लघु उद्योग भारती ने प्रदेश के 30 शहरों में कौशल विकास केंद्र खोलने की घोषणा की है। इस संबंध में जगतपुरा स्थित सोहन सिंह स्मृति कौशल विकास केंद्र में संगठन की प्रदेश इकाई की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता आरएसएस के संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र ने की। लघु उद्योग भारती जयपुर प्रांत अध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि जगतपुरा केंद्र की सफलता से प्रेरित होकर अब प्रदेशभर में कौशल विकास केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यहां युवाओं
को उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुसार आधुनिक मशीनों और उपकरणों के माध्यम से विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। संगठन का उद्देश्य युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ स्वरोजगार शुरू करने पर आवश्यक सहायता भी दी जाएगी।


