जबलपुर। पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के उद्देश्य से लघु उद्योग भारती एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (डीआईसी) के संयुक्त तत्वावधान में वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत विभिन्न औद्योगिक परिसरों में 50 पौधों का रोपण कर हरित भारत का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था पदाधिकारियों ने उद्यमियों से अपने-अपने औद्योगिक परिसरों में कम से कम दो पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सामाजिक दायित्व नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। संस्था के पदाधिकारियों ने
कहा कि सनातन संस्कृति हमें पृथ्वी, मानवता और राष्ट्रहित के संरक्षण की प्रेरणा देती है तथा वृक्षारोपण उसी भावना का प्रतीक है। अध्यक्ष गौरव अग्रवाल ने बताया कि यह अभियान लगभग 10 उद्योगों एवं फैक्ट्रियों में चलाया गया, जिनमें सतनाम इंडस्ट्री, एपी मेटाफेब इंडस्ट्री, रेवा बेकरी और गोविंद इंडस्ट्रीज प्रमुख रूप से शामिल हैं। कार्यक्रम जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस अवसर पर रवि गंगवानी, अर्जुन समतानी, इंद्र तेजवानी, प्रेम शरण पटेल, महेश पुरसवानी, प्रवीण यादव, राजेश परवानी सहित संस्था के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


