जयपुर में लघु उद्योग भारती राजस्थान प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक श्री प्रकाश जी भाईसाहब के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई। बैठक में संपूर्ण राजस्थान से 70 से अधिक कार्यकारिणी सदस्यों ने सहभागिता करते हुए संगठन के विस्तार, औद्योगिक हितों तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
बैठक के प्रथम सत्र का शुभारंभ राष्ट्रगीत के साथ हुआ। इसके पश्चात जयपुर, जोधपुर एवं चित्तौड़ अंचल के वृत्त प्रस्तुत किए गए, जिनमें संबंधित क्षेत्रों में संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों, गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई। प्रदेश अध्यक्ष श्री योगेंद्र जी शर्मा एवं प्रदेश महासचिव श्री सुधीर जी गर्ग ने राजस्थान में संगठन के वर्तमान कार्य, विस्तार की गतिविधियों तथा आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
बैठक में कौशल विकास एवं ITI से संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाने, सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन की गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से प्रचारित करने तथा महिला उद्यमियों की सहभागिता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। महिला इकाई की गतिविधियों एवं कार्यों की जानकारी प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती अंजुसिंह जी ने प्रस्तुत की। इसके अतिरिक्त LEAP पोर्टल एवं स्टोनमार्ट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी सदस्यों के साथ साझा की गई।
द्वितीय सत्र में अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य श्री शांतिलाल जी बालड़ ने पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। राष्ट्रीय संयुक्त सचिव श्री नरेश जी पारीक ने आगामी प्रदर्शनियों एवं उनसे संबंधित तैयारियों की जानकारी दी। राजस्थान प्रभारी श्री घनश्याम जी ओझा ने उत्पाद समूहों के विकास तथा संगठन के आगामी विस्तार की दिशा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
समापन सत्र में अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री प्रकाश चन्द जी ने संगठन के आगामी कार्यों, प्राथमिकताओं एवं विस्तार की दिशा को लेकर उपस्थित कार्यकारिणी सदस्यों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने संगठन को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए निरंतर सक्रियता और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
धन्यवाद ज्ञापन के पश्चात राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ। बैठक में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता ने संगठनात्मक एकजुटता और आगामी कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट किया।