एमएसएमई लीन स्कीम के माध्यम से प्रतिस्पर्धी उद्योगों के निर्माण की दिशा में लघु उद्योग भारती का जागरूकता अभियान
लुधियाना (पंजाब), 11 जून। लघु उद्योग भारती, लुधियाना द्वारा होटल अप्रीसिया, जमालपुर में एमएसएमई कम्पीटिटिव लीन स्कीम विषय पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रधान श्री तरुण जैन ने की। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री प्रकाश चंदर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री अरविंद धूमल एवं पंजाब प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रदीप मोंगिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री प्रकाश चंदर ने कहा कि वर्तमान वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में उद्योगों के लिए गुणवत्ता सुधार, उत्पादकता वृद्धि और लागत नियंत्रण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि लीन मैन्युफैक्चरिंग प्रणाली अपनाने से उद्योग अनावश्यक अपव्यय को कम कर सकते हैं, उत्पादन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बना सकते हैं तथा अपनी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने उद्यमियों से केंद्र सरकार की एमएसएमई कम्पीटिटिव लीन स्कीम का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री अरविंद धूमल एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रदीप मोंगिया ने कहा कि लघु उद्योग भारती निरंतर एमएसएमई इकाइयों को आधुनिक तकनीकों, नवीन प्रबंधन प्रणालियों एवं सरकार की लाभकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रही है, जिससे उद्योगों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जा सके।
जिला प्रधान श्री तरुण जैन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम उद्योगों को नई संभावनाओं से जोड़ने तथा उनके समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि लघु उद्योग भारती उद्यमियों की समस्याओं के समाधान और उनकी प्रगति के लिए सदैव सक्रिय रहेगी।
बैठक के दौरान उद्यमियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न औद्योगिक नीतियों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, इन योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं एवं चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित उद्यमियों ने अपने सुझाव और समस्याएं राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन्हें संबंधित मंचों पर प्रभावी रूप से उठाने का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर विवेक राठौर, विक्रांत शर्मा, अनिल शर्मा, अनुज कपूर, गौरव अरोड़ा, अरविंद खुल्लर, अभिषेक गोयल, कुनाल गर्ग, नरेंद्र भमरा (एफएमएआई), विनय जैन, अतुल जैन, रोबिन जैन, प्रणव जैन, अमित डोगरा, सुरिंदर ढल, डॉ. रचना शर्मा, एडवोकेट सागरिका, करुण गोगिया, जय किशन चावला, ईशा ठाकुर, जसकरण, रोहित मुंजाल, विजय यादव, रणवीर सेखों, सोनू सेखों, विक्की अरोड़ा, सुमित कटारिया, अर्शदीप सिंह, दलजीत सग्गू, मधुर शर्मा, अनुज नरंग, कोच सुशील अरोड़ा तथा हनी सेठी (सीआईसीयू) सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उद्यमियों ने ऐसे ज्ञानवर्धक एवं व्यवहारिक कार्यक्रमों को एमएसएमई क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया तथा उद्योगों को नई दिशा देने हेतु लघु उद्योग भारती के निरंतर प्रयासों की सराहना की।