लघु उद्योग भारती मध्य भारत प्रांत की प्रांतीय बैठक गुना में सम्पन्न
गुना। लघु उद्योग भारती, मध्य भारत प्रांत की प्रांतीय बैठक गुना में सम्पन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री प्रकाश चंद्र जी ने कहा कि उद्यमी समाज का दर्पण होते हैं। उद्यमियों के सामूहिक प्रयास, उत्पाद समूहों के माध्यम से सामूहिक उद्यम, तकनीकी सुधार तथा न्यूनतम लागत में उत्पादन को बढ़ावा देकर हम आगामी 10 वर्षों में भारत को विश्व पटल पर अग्रणी बना सकते हैं।
श्री प्रकाश चंद्र जी ने कहा कि उद्योग भारतीयों के खून में है। हमारे पूर्वज तकनीक के क्षेत्र में अपने समय से कहीं आगे थे। आज आवश्यकता इस बात की है कि लघु उद्योगों के माध्यम से देशभर में उद्यमिता का व्यापक जाल विकसित किया जाए। उद्यमियों को एकजुट होकर नवाचार और नवीन तकनीक को अपनाते हुए देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।
लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश प्रभारी श्री ताराचंद्र जी गोयल ने कहा कि हमें अपने युवाओं को केवल रोजगार लेने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। प्रत्येक उद्यमी को अपनी युवा पीढ़ी को उद्योग, उद्यमिता और नवाचार से जोड़कर सफल उद्यमी बनाने का संकल्प लेना चाहिए। इससे राष्ट्र की प्रगति में हमारी भूमिका और अधिक प्रभावी होगी।
लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जितेंद्र गुप्ता जी ने कहा कि युवाओं को उद्यमिता से जोड़ना संगठन का प्रमुख लक्ष्य है। प्रत्येक जिले की स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप उत्पादों का निर्माण वहीं हो, युवाओं को वहीं रोजगारपरक प्रशिक्षण मिले और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हों—इसी स्वावलंबन अभियान को लेकर संगठन निरंतर कार्य कर रहा है।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेश मिश्रा जी ने कहा कि कार्य की दिशा मन से तय होती है। जब तक उद्यमी स्वयं उत्पाद निर्माण के क्षेत्र में आगे नहीं बढ़ेंगे, तब तक देश का समग्र विकास संभव नहीं है। राष्ट्र के आर्थिक विकास में उद्यमियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश महामंत्री श्री अरुण सोनी जी ने मध्य भारत प्रांत के 16 जिलों से आए उद्यमियों की विभिन्न शंकाओं एवं प्रश्नों का समाधान करते हुए कहा कि संगठन सदैव उद्यमियों के साथ खड़ा रहा है। उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण के लिए संगठन हर स्तर पर निरंतर प्रयासरत एवं संघर्षरत है।
लघु उद्योग भारती, मध्य भारत प्रांत के अध्यक्ष श्री सोबरन सिंह तोमर जी ने उद्यमियों से 3 अक्टूबर को इंदौर में आयोजित होने वाले ‘उद्यम समागम 2026’ में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से उद्यमियों को उद्योग जगत में हो रहे नवाचारों एवं नई संभावनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
मध्य भारत प्रांत के महामंत्री श्री विनोद नायर जी एवं महिला इकाई की सचिव श्रीमती रश्मि गुर्जर जी ने संगठन की विभिन्न गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
प्रांतीय बैठक का सफल आयोजन लघु उद्योग भारती, गुना जिला कार्यकारिणी द्वारा किया गया। बैठक के दौरान अशोकनगर जिले की नवीन इकाई की घोषणा भी की गई।
बैठक में मध्य भारत प्रांत के 16 जिलों के पदाधिकारियों, प्रदेश एवं अंचल के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं उद्यमी उपस्थित रहे।