उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को लघु उद्योग भारती ने सौंपा ज्ञापन, मुरादाबाद उद्योगों की 8 प्रमुख समस्याएं उठाईं

June 19, 2026
Moradabad,
UTTAR PRADESH

उपमुख्यमंत्री के समक्ष लघु उद्योग भारती ने उठाईं मुरादाबाद के उद्योग जगत की प्रमुख समस्याएं

मुरादाबाद। लघु उद्योग भारती, मुरादाबाद इकाई के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने 14 जून 2026 को मेसर्स पार्थ ओवरसीज के संचालक श्री राजीव गोयल के निवास, परम्परा फेस-2 में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री Keshav Prasad Maurya से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर संगठन की ओर से उनका शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही मुरादाबाद के निर्यातकों, उद्यमियों एवं व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा गया।

ज्ञापन में उद्योगों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई, जिससे विभिन्न विभागों से एनओसी प्राप्त करने की जटिल प्रक्रिया सरल, त्वरित और पारदर्शी बन सके। उद्यमियों ने नगर निगम क्षेत्रों में स्थापित MSME इकाइयों पर गृहकर को भी नगर पंचायत एवं नगर पालिका परिषद की तरह तीन गुना से घटाकर एक गुना करने का अनुरोध किया।

जल कर के मुद्दे पर बताया गया कि अधिकांश औद्योगिक इकाइयों ने नगर निगम का जल कनेक्शन नहीं लिया है और अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति स्वयं बोरिंग के माध्यम से कर रही हैं। ऐसे में नगर निगम की सेवा का उपयोग न करने वाली इकाइयों पर लगाए जाने वाले जल कर को समाप्त करने की मांग की गई।

उद्योगों में कुशल श्रमिकों की बढ़ती कमी को देखते हुए मुरादाबाद में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया। संगठन का मानना है कि इससे स्थानीय युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

प्रदूषण नियंत्रण विभाग द्वारा पानी के नमूनों की जांच के लिए उन्हें लखनऊ भेजे जाने से रिपोर्ट में विलंब एवं तकनीकी समस्याओं का उल्लेख करते हुए मुरादाबाद में ही जल परीक्षण सुविधा विकसित करने की मांग रखी गई। इससे उद्योगों को समय और लागत दोनों की बचत होगी।

बैठक में R-2 श्रेणी से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। संगठन ने पंडित नगला मिनी बाईपास रोड तथा प्रेम नगर इंडस्ट्रियल एरिया जैसे लंबे समय से स्थापित औद्योगिक क्षेत्रों को R-2 श्रेणी से हटाकर औद्योगिक क्षेत्र घोषित करने का सुझाव दिया, जिससे वहां संचालित इकाइयों को नियामकीय राहत मिल सके।

तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार और यातायात दबाव को देखते हुए दिल्ली रोड, रामपुर रोड और कांठ रोड क्षेत्रों में तीन नए फायर स्टेशनों की स्थापना की मांग भी की गई। उद्यमियों ने बताया कि वर्तमान में किसी भी अग्निकांड की स्थिति में फायर ब्रिगेड को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है।

इसके अतिरिक्त, लघु उद्योग भारती ने मुरादाबाद में ESI अस्पताल स्थापित करने की वर्षों पुरानी मांग को भी दोहराया। संगठन ने बताया कि हजारों ESI कार्डधारक कर्मचारियों को उपचार के लिए बरेली जाना पड़ता है, जिससे उन्हें समय, धन और श्रम की अतिरिक्त हानि उठानी पड़ती है। इसलिए मुरादाबाद में पूर्ण सुविधाओं से युक्त ESI अस्पताल की शीघ्र स्थापना की आवश्यकता बताई गई।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, प्रदेश महामंत्री अमित अग्रवाल, मेरठ संभाग उपाध्यक्ष अंशुल अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष हेमंत जुनेजा, मंडल उपाध्यक्ष अतुल भूटानी, मुरादाबाद अध्यक्ष रचित अग्रवाल, महासचिव अमित कपूर, कोषाध्यक्ष हिमांशु बंसल सहित अनेक उद्यमी एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे। ज्ञापन के माध्यम से उद्योग जगत की समस्याओं के समाधान हेतु राज्य सरकार से सकारात्मक पहल की अपेक्षा व्यक्त की गई।

Latest News

SUBSCRIBE NEWSLETTER

Stay Updated with
Latest News

Join 50,000+ subscribers. No spam, unsubscribe anytime.
Subscribe to our newsletter and never miss breaking stories, trending topics, and exclusive insights.

Email Address


LUB is India's largest MSME welfare organisation with a grassroot level presence and engagement from all members from Kashmir to Andaman and Nicobar Islands and from Assam to Gujarat. Join us to explore the most expansive industry network in India.
© 2026
Laghu Udyog Bharati. All rights reserved.

Website by Creativity Please