लघु उद्योग भारती (गुजरात प्रांत) एवं उद्योग विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में गांधीनगर के सेक्टर-25 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स GIDC परिसर में प्रस्तावित ‘कौशल विकास भवन’ का भव्य भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्रभाई पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य सम्पन्न हुआ।
यह अत्याधुनिक कौशल विकास केंद्र गुजरात के एमएसएमई क्षेत्र के युवाओं को सेमीकंडक्टर, सूचना प्रौद्योगिकी, डिजिटल टेक्नोलॉजी तथा एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे उभरते क्षेत्रों में उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान करेगा। साथ ही यह केंद्र भारत सरकार के ‘स्किल इंडिया’ अभियान को गति देते हुए उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
समारोह में लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री वजुभाई वघासिया, गुजरात प्रांत अध्यक्ष श्री ईश्वरभाई पटेल तथा प्रांत महासचिव श्री हंसराजभाई गजेरा ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
भूमिपूजन एवं शिलान्यास का पावन कार्य माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्रभाई पटेल, अखिल भारतीय संयोजक पूज्य स्वामी परमानंद सरस्वती जी, गुजरात प्रांत संघचालक डॉ. भरतभाई पटेल, लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री प्रकाशचंद्र गुप्ता, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री वजुभाई वघासिया तथा निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री घनश्याम ओझा की उपस्थिति में वैदिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर भवन निर्माण हेतु उदार आर्थिक सहयोग प्रदान करने वाले प्रमुख दानदाताओं—केएलजे (KLJ) ग्रुप के श्री कन्हैयालाल पुष्प जैन, श्री अरविंदभाई पटेल, श्री नीलेशभाई गढ़िया एवं श्री प्रकाशभाई पटेल—का माननीय मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा शॉल एवं स्मृति-ग्रंथ भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गुजरात प्रांत कार्यवाह श्री शैलेषभाई पटेल, लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बलदेवभाई प्रजापति, गांधीनगर की महापौर श्रीमती मीराबेन पटेल, विधायक श्रीमती रीटाबेन पटेल सहित अनेक उद्योगपति, उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह का समापन राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुआ।
‘कौशल विकास भवन’ गुजरात के एमएसएमई क्षेत्र के लिए आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण, उद्योग-अनुकूल कौशल विकास एवं रोजगार सृजन का एक महत्वपूर्ण केंद्र सिद्ध होगा। यह पहल प्रदेश में नवाचार, तकनीकी दक्षता और औद्योगिक विकास को नई दिशा एवं ऊर्जा प्रदान करेगी।